अनूप जलोटा, गुरु रंधावा, कुमार विश्वास और आशीष सोलंकी जैसे कलाकारों के नाम प्रस्तावित; टेंडर खुलने के बाद तय होंगे नाम
उदयपुर, 20 अक्टूबर: नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाला दशहरा-दीपावली मेला इस बार 28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलेगा। मेले की अवधि 15 दिन होगी, ताकि शहरवासियों को मनोरंजन और खरीदारी के लिए पांच दिन अतिरिक्त मिल सकें। मेले में भजन संध्या, फोक बैंड, बॉलीवुड नाइट, कॉमेडी और कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनके आयोजन पर नगर निगम करीब 80 लाख रुपए खर्च करने की तैयारी में है।
प्रस्तावित कार्यक्रमों में भजन गायक अनूप जलोटा, पंजाबी-बॉलीवुड गायक गुरु रंधावा, कवि कुमार विश्वास और हास्य कलाकार आशीष सोलंकी के नाम शामिल हैं। हालांकि, कलाकारों की अंतिम सूची टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगी। नगर निगम ने प्रमुख कार्यक्रमों के लिए टेंडर जारी किए हैं। 30 अक्टूबर को बॉलीवुड नाइट आयोजित करने की योजना है।
मेले की शुरुआत 28 अक्टूबर को भजन संध्या से होगी। इसके लिए अनूप जलोटा, कन्हैयालाल और अनामिका अंबर के नाम प्रस्तावित हैं। 29 अक्टूबर को फोक बैंड कार्यक्रम होगा, जबकि 31 अक्टूबर को कवि सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इसमें कुमार विश्वास सहित देश के जाने-माने कवियों को आमंत्रित करने का प्रस्ताव है। एक नवंबर को कॉमेडी नाइट होगी, जिसमें आशीष सोलंकी और गौरव गुप्ता के नाम प्रस्तावित हैं।
इस बार स्थानीय कलाकारों को भी मंच देने की योजना है। मेले में खरीदारी के लिए दुकानें और झूले लगाने की अलग व्यवस्था होगी। दुकानों के लिए 38 हजार वर्गफीट के मुख्य ग्राउंड और 20 हजार वर्गफीट के साइड ग्राउंड का टेंडर जारी किया गया है। झूलों के लिए पार्क में अलग जगह निर्धारित होगी। ग्राउंड और झूलों के टेंडर 22 अक्टूबर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के टेंडर 23 अक्टूबर को खुलेंगे। इनके बाद कार्यक्रमों और कलाकारों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।