हल्दीघाटी की गूंज फिर होगी जीवंत, 17 जून को राष्ट्र चेतना का महाकुंभ

Share

महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूरे होने पर तैयारियां तेज
उदयपुर, 5 जून:
मेवाड़ की वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र चेतना के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उदयपुर में इतिहास और वर्तमान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 17 जून को गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं।
प्रताप गौरव केंद्र में आयोजित बैठक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे स्वयं को हल्दीघाटी का योद्धा मानकर जन-जन तक महाराणा प्रताप के शौर्य और संघर्ष की गाथा पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लड़े गए हल्दीघाटी युद्ध का संदेश आज भी राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।
सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत संबोधित करेंगे। आयोजन के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग, मंच, जल व्यवस्था और स्वागत सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए हल्दीघाटी विजय गाथा के पत्रकों का वितरण भी शुरू हो चुका है। आयोजकों का मानना है कि यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।