परिवारों की सुख-समृद्धि व पर्यावरण सुरक्षा की मंगलकामना
उदयपुर, 19 अप्रैल: गणपति विहार विकास समिति, गायत्री नगर सेक्टर-5 द्वारा रविवार को विश्व शांति, पर्यावरण सुरक्षा तथा परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में समिति के सदस्य परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समिति अध्यक्ष श्रवण कुमार शाह एवं सदस्य मनोज जैन ने बताया कि समिति के संस्थापक सदस्य कृष्ण कुमार सोनी एवं हेमंत छाजेड़ के तत्वावधान में यह आयोजन किया गया। यज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति के साथ-साथ परिवारजनों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना करना रहा।
कार्यक्रम वैदिक विदुषी सरला गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंत्रोच्चार एवं आहुतियां दी गईं। आयोजन के दौरान श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित परिवारजनों ने यज्ञ में भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कॉलोनी के अनेक परिवारजन सपत्नीक उपस्थित रहे। इनमें आदित्य चतुर्वेदी, भवानीशंकर शर्मा, सुरेश गखरेजा, प्रवीण जैन, पंकज लोढ़ा, विपिन अग्रवाल, संगीता गखरेजा, सविता जैन, पूजा जैन, सिमरन गखरेजा, रेणु छाजेड़ और रेणु सोनी सहित कई सदस्य शामिल रहे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन कॉलोनीवासियों में आपसी सौहार्द बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। आयोजन के समापन पर सभी ने विश्व कल्याण और शांति की कामना की।