एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पहुंचाया एमबी अस्पताल, सांसद बोले- देरी से बिगड़ सकती थी घायल की हालत
उदयपुर, 29 सितंबर: उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने सड़क हादसे में गंभीर घायल एक आदिवासी युवक को एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपने वाहन से महाराणा भूपाल चिकित्सालय पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल का तत्काल उपचार शुरू हो सका। सांसद आसपुर दौरे से लौट रहे थे। इसी दौरान पिलादर महूड़ी से केवड़ा की नाल के बीच डाकपलटा के पास सड़क पर भीड़ देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया। वहां कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर घायल अवस्था में पड़ा था।
सांसद ने घायल से जानकारी ली तो उसने अपना नाम नवलराम पुत्र पूंजा मीणा, निवासी सदकड़ी बताया। लोगों ने बताया कि 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई है, लेकिन उसके पहुंचने में समय लग सकता है। इस पर सांसद ने अपने गार्ड और लोगों की मदद से घायल को वाहन में बैठाया और उदयपुर रवाना हुए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही चिकित्साधिकारियों को सूचना दे दी गई, जिससे घायल का तत्काल उपचार शुरू हो गया।
108 एंबुलेंस की सुविधा की मांग
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि उदयपुर-जयसमंद मेगा हाईवे पर सलूंबर जिले की सीमा के अंतिम छोर केवड़ा की नाल से पिलादर महूड़ी तक करीब 40-45 किलोमीटर क्षेत्र में दुर्घटनाओं के समय तत्काल उपलब्ध होने वाली 108 एंबुलेंस नहीं है। हादसे में घायलों को पुलिस या निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ता है। सांसद ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उनके कार्यालय के अनुसार, इससे पहले भी वे सड़क हादसों में घायल लोगों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचा चुके हैं।