परंपरा, पहचान और प्रगति को जोड़ते हुए सालभर की गतिविधियों का समग्र दस्तावेज
उदयपुर, 9 अप्रैल: राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उदयपुर जिला प्रशासन ने अभिनव पहल करते हुए पंच गौरव कैलेंडर तैयार किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शुरू इस योजना के तहत यह कैलेंडर जिले की पहचान, परंपरा और विकास को एक सूत्र में पिरोते हुए प्रभावी रोडमैप के रूप में उभरा है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार यह टेबल और वॉल कैलेंडर केवल जानकारी का माध्यम नहीं, बल्कि वर्षभर की योजनाबद्ध गतिविधियों का मार्गदर्शक है। इसमें जनवरी से दिसंबर तक हर महीने अलग थीम के साथ पंच गौरव की अवधारणा, उपलब्धियां और कार्ययोजना को दर्शाया गया है।
हर महीने विकास की अलग झलक
कैलेंडर में फरवरी में मार्बल-ग्रेनाइट, सीताफल, महुआ, तैराकी और फतहसागर झील व पिछोला झील जैसी पहचान को स्थान दिया गया है। मई-जून में ‘एक जिला-एक उत्पाद’, जुलाई-अगस्त में कृषि व वन, जबकि सितंबर-अक्टूबर में खेल और नवम्बर-दिसम्बर में पर्यटन विकास को प्रमुखता दी गई है।
जागरूकता और सहभागिता का सशक्त माध्यम
कैलेंडर में राजकीय अवकाश, तीज-त्योहारों सहित उपयोगी जानकारी भी शामिल है, जिससे यह आमजन के लिए भी उपयोगी बन गया है। यह पहल न केवल योजना को जमीन पर उतारने में सहायक है, बल्कि “वोकल फॉर लोकल” के विजन को भी मजबूत कर रही है।