आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के साथ -साथ छात्रों के लिए भी निःशुल्क सीए फाउंडेशन बैच की घोषणा
सीए फाउंडेशन के पहले बैच में 10 में से 7 बेटियों ने परीक्षा पास कर रचा इतिहास।
जनवरी 2027 परीक्षा के लिए 90% अंक वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों (Boys) हेतु भी शुरू होगा विशेष बैच।
1 जुलाई से शुरू हो रहे देशव्यापी सर्वाइकल कैंसर अभियान की कमान श्रीमती राजश्री गांधी और डॉ. सुप्रिया माहेश्वरी को।
उदयपुर, 28 मई: शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी सामाजिक संस्था, रेखा सोमानी फाउंडेशन (Rekha Somani Foundation) ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए दो अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घोषणाएं की हैं। संस्था के मैनेजिंग ट्रस्टी (प्रबंध न्यासी) सीए देवेंद्र कुमार सोमानी ने प्रेस को सूचित किया है कि फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘सीए फाउंडेशन’ के प्रथम गर्ल्स बैच का परिणाम शत-प्रतिशत के करीब रहा है, जिसमें नामांकित 10 छात्राओं में से 7 बेटियों ने परीक्षा सफलतापूर्वक पास (Qualify) कर इतिहास रचा है।
मैनेजिंग ट्रस्टी सीए देवेंद्र कुमार सोमानी ने बताया कि छात्राओं की इस अपार सफलता से प्रेरित होकर फाउंडेशन ने अब समाज के आर्थिक रूप से कमजोर (Economically Weaker Section – EWS) मेधावी छात्राओं के साथ अब छात्रों के लिए भी अपने द्वार खोल दिए हैं। इस निर्णय के तहत संस्था के ट्रस्टी सीए मुकेश खुबचंदानी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि जिन छात्रों (Boys) ने कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं और वे आर्थिक तंगी के कारण आगे नहीं पढ़ पा रहे हैं, उनके लिए जनवरी 2027 की परीक्षा को लक्षित करते हुए एक पूरी तरह से पृथक और निःशुल्क बैच शुरू किया जा रहा है। इस विशेष बैच के लिए चयन प्रक्रिया (Selection Criteria) और समय-सारणी (Schedule) की विस्तृत जानकारी जल्द ही संस्था की आधिकारिक वेबसाइट www.rekhasomanifoundation.org पर लाइव कर दी जाएगी।
इस शैक्षणिक घोषणा के साथ ही, फाउंडेशन महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में आगामी 1 जुलाई 2026 से अपना महत्वाकांक्षी देशव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान (Cervical Cancer Vaccination Drive) भी शुरू करने जा रहा है।
संस्थान के ट्रस्टी सीए प्रवीण अग्रवाल ने बताया की महा-अभियान के तहत देश भर में 5.00 लाख बच्चियों (Girl Child) के टीकाकरण का विशाल लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके लिये आज हुई ट्रस्ट मीटिंग में ट्रस्टी अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए सामाजिक क्षेत्र की दो प्रतिष्ठित हस्तियों, श्रीमती राजश्री गांधी (नेशनल प्रेसिडेंट, कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन व सदस्य, पोश एक्ट कमेटी, एमबी हॉस्पिटल) और डॉ. सुप्रिया माहेश्वरी (अकाउंट्स डिपार्टमेंट, राजस्थान सरकार व वाणिज्य शिक्षिका) को इस अभियान का कोऑर्डिनेटर (समन्वयक) नियुक्त किया गया है।
जल्द ही देश भर के इस क्षेत्र मे इच्छुक सामाजिक कार्यकर्ता को संस्था से जोड़ा जाएगा!
ट्रस्टी विष्णु तोषनीवाल ने बताया कि अभियान विभिन्न सामाजिक संगठनों (Social Organisations) के सहयोग से चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत देश भर में बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता कार्यक्रम (Awareness Programs) आयोजित किए जाएंगे ताकि इस बीमारी को लेकर समाज में जागरूकता फैलाई जा सके।
रेखा सोमानी फाउंडेशन के बारे में:
रेखा सोमानी फाउंडेशन (Rekha Somani Foundation) एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है, जो स्वर्गीय सीए रेखा सोमानी जी की पवित्र स्मृति में उदयपुर, राजस्थान से संचालित होता है। फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित, मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) पाठ्यक्रम के लिए निःशुल्क शिक्षा, प्रशिक्षण, भोजन और आवास प्रदान कर उनके सपनों को साकार करना है, साथ ही जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सामाजिक बदलाव लाना है।