पहली बार सीधे रेल संपर्क से मेवाड़ के यात्रियों को राहत, 3 मई से मदार-मडगांव स्पेशल का संचालन
उदयपुर, 30 अप्रैल: मेवाड़ अंचल के यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। अब चित्तौड़गढ़ होकर सीधे गोवा तक रेल यात्रा संभव हो सकेगी। रेलवे ने 3 मई से मदार-मडगांव एक तरफा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिससे चित्तौड़गढ़ सहित पूरे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को पहली बार गोवा के लिए सीधा रेल विकल्प मिलेगा। अब तक यात्रियों को गोवा जाने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी, लेकिन नई स्पेशल सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
करीब 29 घंटे में चित्तौड़गढ़ से गोवा पहुंचेंगे यात्री
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09607 मदार-मडगांव स्पेशल 3 मई को मदार जंक्शन से शाम 7:55 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4:40 बजे मडगांव पहुंचेगी। चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर यह ट्रेन रात 11:25 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट रुककर आगे रवाना होगी। इस प्रकार चित्तौड़गढ़ से गोवा तक का सफर लगभग 29 घंटे में पूरा होगा। लगभग 1751 किलोमीटर लंबी यह यात्रा राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा—पांच राज्यों को जोड़ेगी।
मेवाड़ के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
ट्रेन अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, रतलाम, वडोदरा, सूरत, पनवेल, रत्नागिरी और थिविम सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी सहित कुल 22 कोच होंगे। हालांकि एसी यात्रियों को लिनन सुविधा नहीं मिलेगी। यह स्पेशल ट्रेन मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है, जिससे पर्यटन और आवागमन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।