अनाज व्यापारी के घर 75 लाख की चोरी

Share

250 ग्राम सोना, 15 किलो चांदी और 13 लाख नकद ले उड़े बदमाश, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद
बांसवाड़ा, 14 जुलाई :
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अनाज व्यापारी के घर बड़ी चोरी की वारदात हुई। बदमाश निर्माणाधीन पिछले हिस्से से मकान में घुसे और तिजोरी व अलमारियां तोड़कर करीब 75 लाख रुपए मूल्य के 250 ग्राम सोने के आभूषण, 15 किलो चांदी के जेवर और 13 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। वारदात के समय व्यापारी अशोक कुमार अग्रवाल और उनकी पत्नी घर के आगे वाले कमरे में सो रहे थे।
व्यापारी ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे उठने पर घर के दरवाजे खुले मिले और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। तिजोरी टूटी हुई थी तथा पुश्तैनी जेवर और नकदी गायब थी। सूचना पर कुशलगढ़ थाना पुलिस, एफएसएल और साइबर टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 12:15 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति घर की ओर जाता दिखाई दिया है। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।