CCTV में कैद हुई वारदात
उदयपुर, 15 जुलाई: उदयपुर जिले के फतहनगर कस्बे की जवाहर नगर कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और घर के मंदिर में रखे भगवान के आभूषण व पूजन सामग्री चोरी कर ली। घटना 13 जुलाई की रात करीब 2 बजे की है। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी के साथ मंदिर में रखा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। चोरी गए सामान में चांदी की महादेव जलहरी, ठाकुरजी की जलधारी, सोने की चेन व अंगूठी, चांदी के जेवर, लक्ष्मी पूजन के चांदी के सिक्के, पीतल की गणेश प्रतिमाएं, ठाकुरजी की बांसुरी, पुराने दुर्लभ सिक्के, करीब चार हजार रुपए के सिक्के और दो हजार रुपए की नकदी शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।