यूडीए ने वन विभाग से खरीदी जमीन, घुमंतु परिवारों को बिलिया में लॉटरी से मिलेंगे आवास
उदयपुर, 24 जुलाई: उदयपुर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर शुक्रवार को हुई यूडीए की दो अहम बैठकों में कई बड़े फैसले लिए गए। ठोकर चौराहा के विस्तारीकरण के लिए यूडीए ने वन विभाग की 150 वर्गफीट जमीन मुआवजा देकर खरीद ली है। वहीं यूनिवर्सिटी रोड और शोभागपुरा चौराहे पर अतिक्रमण हटाकर सर्विस लेन बनाई जाएगी। इसके साथ ही घुमंतु एवं अर्द्ध-घुमंतु परिवारों को बिलिया स्थित आवासों का लॉटरी के जरिए आवंटन करने का निर्णय लिया गया।
यूडीए अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आईएचएसडीपी योजना के तहत बिलिया में बने रिक्त आवास पात्र घुमंतु परिवारों को देने का निर्णय लिया गया। इन आवासों की मरम्मत तथा आंगनबाड़ी, गार्डन और सभा भवन जैसी सुविधाओं के विकास के लिए 2.90 करोड़ रुपए के कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
इधर, शहर विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि ठोकर चौराहा का विस्तार जल्द शुरू होगा। यूनिवर्सिटी रोड, शोभागपुरा चौराहा और रामजी स्वीट्स क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर 15 अगस्त तक सर्विस लेन तैयार की जाएगी।
बैठक में लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास नागदा समाज के नोहरे की जगह पार्किंग विकसित करने, नेहरू हॉस्टल के पास सर्विस रोड का कार्य पूरा करने, पुरोहितों के तालाब मार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा ट्राइडेंट होटल के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य एक माह में पूरा करने की भी जानकारी दी गई।