दोहरा लाभ उठा रहे हैं धर्म बदलने वाले — डामोर

Share

जनजाति सुरक्षा मंच ने डीलिस्टिंग को देश की सुरक्षा के लिए भी बताया जरूरी
अनवरत अभियान का ऐलान
उदयपुर, 8 जून:
जनजाति सुरक्षा मंच ने धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों को अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी के लाभों से वंचित करने की मांग तेज कर दी है। मंच का दावा है कि धर्म बदलने वाले लोग एक साथ जनजातीय और अल्पसंख्यक योजनाओं का लाभ उठाकर दोहरा फायदा प्राप्त कर रहे हैं
वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति टी.सी. डामोर ने कहा कि वर्तमान में ST वर्ग के लिए ऐसा कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है, जिससे धर्म परिवर्तन के बाद भी लोग जनजातीय आरक्षण और अन्य सुविधाओं का लाभ लेते रहते हैं। उन्होंने इसे मूल जनजाति समाज के अधिकारों पर प्रभाव डालने वाला मुद्दा बताया।
डामोर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय जनजाति समागम में यह विषय केंद्र सरकार और राष्ट्रपति के समक्ष भी उठाया गया। मंच ने अनुसूचित जनजाति की स्पष्ट वैधानिक परिभाषा और आवश्यक संवैधानिक संशोधनों की मांग दोहराई है।
संगठन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा तथा केंद्र सरकार से संबंधित पोर्टलों के समन्वय और शोध अध्ययन की मांग भी की जाएगी।