डूंगरपुर, 4 मई: कलेक्ट्रेट परिसर को 16 बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल के बाद सोमवार सुबह प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट, जिला परिषद, एसडीएम कार्यालय और कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया। अधिकारी-कर्मचारी सड़क पर आ गए, जिससे परिसर के बाहर भीड़ जुट गई।
जिला कलेक्टर देशलदान ने बताया कि सुबह कलेक्ट्रेट के आधिकारिक मेल पर धमकी मिली थी। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया गया। सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार, एएसपी मुकेश कुमार सांखला सहित पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड भी तैनात की गई।
सुरक्षा टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कलेक्ट्रेट, कोर्ट परिसर, विभिन्न विभागों के कार्यालयों और वकील चैंबरों की गहन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि हर कमरे और परिसर के कोने-कोने की जांच की जा रही है। पूरी तरह संतुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई और सामान्य कामकाज बहाल किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मामले की जांच जारी है।