उदयपुर, 4 मई: शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे जा गिरे।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित के अनुसार स्कूटी सवार तीनों युवक कैटरिंग का काम करते थे और रात करीब 1:30 बजे शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान एकलिंगपुरा चौराहे के पास सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो गई और तीनों युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला।
मृतकों में अर्जुन सिंह (40) और सौरभ (30) की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है। अर्जुन मूल रूप से देवास (मध्यप्रदेश) के निवासी थे और उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-7 में रहकर कैटरिंग का कार्य करते थे। सौरभ उनके रिश्तेदार थे और भोपाल के रहने वाले थे।
कार सवार योगेश भाट (25) और शिवम (19) घायल हुए हैं, जिनका इलाज एमबी हॉस्पिटल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण सामने आ रही है। पुलिस ने शवों को मोर्च्युरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अर्जुन के भाई ने भावुक होकर कहा—“जिस भाई ने मुझे बचाया था, आज मैं उसे नहीं बचा पाया।”