कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत

Share

शोक कार्यक्रम से लौटते समय पालवड़ा के पास हुआ हादसा, गुजरात में उपचार के दौरान तीसरे युवक ने भी दम तोड़ा
डूंगरपुर, 2 अक्टूबर:
सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-927ए पर पालवड़ा के पास गुरुवार देर शाम कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में शेरावाड़ा बिछीवाड़ा निवासी रणजीत (35) पुत्र अर्जुन वरहात और दिलीप (26) पुत्र रामा वरहात की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल गजेंद्र पुत्र सुरेंद्र वरहात ने गुजरात के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक माथुगामड़ा के पास आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। पालवड़ा के पास खेरवाड़ा की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर देवल चौकी से एएसआई गिरिराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गजेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे गुजरात रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को तीनों शवों का डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।