मेवाड़ टूरिज्म कप में रोमांचक मुकाबले, मेवाड़ वॉरियर्स, फेयरमोंट और लेक पैलेस विजयी

Share

पंकज, मुकेश और कृष बने मैन ऑफ द मैच, फील्ड क्लब पर दिखा शानदार खेल
उदयपुर, 31 मार्च:
मेवाड़ टूरिज्म कप 2026 के तहत फील्ड क्लब में खेले जा रहे मुकाबलों में मंगलवार को तीन रोमांचक मैच खेले गए, जिनमें मेवाड़ वॉरियर्स, होटल फेयरमोंट और ताज लेक पैलेस ने शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मेवाड़ वॉरियर्स की 33 रन से जीत
सांयकालीन मुकाबले में मेवाड़ वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 167 रन बनाए। पंकज कुमार ने 68 और फरहद मिर्जा ने 44 रन की पारी खेली। जवाब में आरटीसी टीम 134 रन ही बना सकी। इरशाद खान ने 3 विकेट झटके। पंकज कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फेयरमोंट ने ट्राइडेंट को 2 रन से हराया
रात्रिकालीन मुकाबले में होटल फेयरमोंट ने 103 रन बनाए। जवाब में ट्राइडेंट टीम 101 रन पर ऑलआउट हो गई। मुकेश भोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने।
लेक पैलेस की एकतरफा जीत
अन्य मुकाबले में ताज लेक पैलेस ने उदय विलास को 150 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 197 रन बनाए, जबकि उदय विलास मात्र 47 रन पर सिमट गई। कृष के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।