मिनी ट्रक में घुसी कार, ट्रक चालक मौके से फरार
उदयपुर, 15 मई: उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर अंबेरी पुलिया के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 407 मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में रात करीब 10:15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिनी ट्रक में टेंट का सामान भरा हुआ था। बेरियर के पास ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
ग्रामीणों ने निकालें शव
सूचना पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कार से बाहर निकाला गया। गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। कार सवार झालावाड़ निवासी बताए जा रहे हैं।