इंटरनेट से कटे आदिवासी गांव

Share

नेटवर्क नहीं मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाएं प्रभावित
उदयपुर, 8 जुलाई
: डिजिटल इंडिया के दौर में भी उदयपुर जिले के कई आदिवासी गांव आज भरोसेमंद मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा से वंचित हैं। कोटड़ा, झाड़ोल और गोगुंदा क्षेत्र की कई दूरस्थ बस्तियों में कमजोर नेटवर्क के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की डिजिटल सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कोटड़ा के पानरवा, मेरपुर, मांडवा, मालदर, निचला फलासिया और देवला, झाड़ोल के ओगणा, कूण, बोरकुआ और फला बस्तियों के अलावा गोगुंदा के सायरा, मझावद और आसपास के पहाड़ी गांवों में मोबाइल नेटवर्क बेहद कमजोर है। कई स्थानों पर लोगों को सिग्नल पाने के लिए पहाड़ियों पर चढ़ना पड़ता है।
नेटवर्क नहीं होने से विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, किसानों की डिजिटल सेवाएं, टेलीमेडिसिन, बैंकिंग, ई-मित्र सेवाएं और सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन प्रभावित हो रहे हैं। उदयपुर सांसद डॉ. मन्रालाल रावत का कहना है कि उदयपुर जिले के आदिवासी इलाकों में अभी भी दर्जनों गांव इंटरनेट से दूर हैं। जहां नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने चाहिए। साथ ही हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।