स्वतंत्रता सेनानी-पत्रकार कनक मधुकर को श्रद्धांजलि

Share

19वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी, स्वतंत्रता संग्राम और निर्भीक पत्रकारिता में योगदान को किया याद
उदयपुर, 10 जून:
मेवाड़ के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार एवं दैनिक नवजीवन के संस्थापक-संपादक कनक मधुकर की 19वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को नवजीवन भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने उनके स्वतंत्रता संग्राम, जनजागरण और निर्भीक पत्रकारिता में दिए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें मेवाड़ की पत्रकारिता का भीष्म पितामह बताया।
मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कनक मधुकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान जनचेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष पत्रकारिता का प्रेरक उदाहरण है।
संगोष्ठी में प्रत्यूष पत्रिका के संपादक विष्णु शर्मा हितैषी ने कहा कि कनक मधुकर ने उस दौर में पत्रकारिता को अपना कर्मक्षेत्र बनाया जब देश स्वतंत्रता आंदोलन के निर्णायक चरण से गुजर रहा था। उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और अजमेर जेल में यातनाएं भी सहीं। भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा में जन्मे कनक मधुकर किसान नेता विजय सिंह पथिक से प्रेरित होकर माणिक्य लाल वर्मा, रामनारायण चौधरी और कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी जैसे नेताओं के साथ जनजागरण से जुड़े। बाद में उदयपुर आकर उन्होंने दैनिक नवजीवन की स्थापना की।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद फिरोज अहमद शेख, जसवंत ठाकुर, जयदीप चौहान, नितेश सर्राफ, रविराम सिंह परमार, निश्चल सक्सेना, हर्ष रावल, लक्ष्मण मेहता, सारिका अग्रवाल, दीपक अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।