मेयर के लिए भाजपा में दो बड़े चेहरे, सहमति नहीं बनी तो दोनों की सेटिंग

Share

53 पार्षदों से पर्ची पर लिखवाए तीन-तीन नाम; दिनेश भट्ट और प्रमोद सामर में मुकाबला, एक मेयर तो दूसरा डिप्टी मेयर बन सकता है


उदयपुर, 15 सितंबर
: उदयपुर नगर निगम में भाजपा की लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मेयर के चेहरे को लेकर है। अनारक्षित सीट होने से दावेदारों की संख्या और राजनीतिक समीकरण दोनों बढ़ गए हैं। भाजपा ने अपने सभी 53 पार्षदों की बाड़ाबंदी कर रखी है और मंगलवार को प्रत्येक पार्षद से पर्ची पर मेयर पद के लिए तीन-तीन पसंदीदा नाम लिखवाए गए। पार्टी देर रात तक नाम पर मंथन कर बुधवार को नामांकन कराने की तैयारी में है। चुनाव चिन्ह गुरुवार को जमा होगा।
भट्ट-सामर में मुख्य मुकाबला, दोनों को साधने की रणनीति
पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट और सहकारिता के राजस्थान संयोजक प्रमोद सामर मेयर पद की दौड़ में प्रमुख चेहरे हैं। दोनों के लिए अलग-अलग नेता लॉबिंग कर रहे हैं। सहमति नहीं बनने की स्थिति में दोनों को साधने के लिए एक को मेयर और दूसरे को डिप्टी मेयर बनाने का फार्मूला भी सामने है। भट्ट के मेयर बनने पर सामर और सामर के मेयर बनने पर भट्ट को डिप्टी मेयर बनाने की संभावना पर चर्चा है।
सामर जैन समाज का प्रमुख चेहरा हैं, जबकि भट्ट ब्राह्मण समाज से आते हैं। ऐसे में दोनों को साथ साधने से सामाजिक संतुलन का संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है।
कई नाम मैदान में
शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, संभाग प्रभारी नाहर जोधा और जिला प्रभारी हरीश पाटीदार की मौजूदगी में पार्षदों से चर्चा हुई। पूर्व डिप्टी मेयर पारस सिंघवी भी पार्षदों से संपर्क में बताए जा रहे हैं। डिप्टी मेयर के लिए अतुल चंडालिया और महेंद्र सिंह शेखावत के नाम भी चर्चा में हैं। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के रिश्तेदार पंकज बोराणा भी दावेदारी में सक्रिय हैं।
कांग्रेस में टांक और पूनम कुंवर के नाम
कांग्रेस भी बुधवार को मेयर पद के लिए नामांकन कराएगी। पार्टी में पूर्व प्रत्याशी अरुण टांक और डॉ. पूनम कुंवर राठौड़ के नाम चर्चा में हैं। टांक पहले भी महापौर पद का चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि पूनम कुंवर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ की पत्नी हैं।