कानोड़ में जमीन विवाद पर दो समाज आमने-सामने

Share

लोहे की जालियां लगाने पर बढ़ा तनाव, प्रशासन ने रुकवाया काम; सीमांकन के बाद होगा फैसला
उदयपुर, 9 मई:
उदयपुर जिले के कानोड़ कस्बे में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को दो समाज आमने-सामने हो गए। जवाहर विद्यापीठ शिक्षण संस्थान द्वारा विवादित भूमि पर लोहे की जालियां लगाने का काम शुरू होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा समझाइश कर मामला शांत कराया।
भैरूजी बावजी स्थान को लेकर विवाद
तहसीलदार वगता राम पुरोहित ने बताया कि विवादित भूमि पर अधिकार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोनी समाज का दावा है कि वहां उनका भैरूजी बावजी का प्राचीन स्थान स्थित है, जबकि जैन समाज द्वारा संचालित जवाहर विद्यापीठ शिक्षण संस्थान इस जमीन को अपनी बताते हुए बाउंड्री निर्माण के लिए लोहे की जालियां लगवा रहा था।
जैसे ही निर्माण कार्य शुरू हुआ, सोनी समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने लोहे की जालियां उखाड़ दीं।
राजस्व विभाग करेगा पैमाइश
सूचना पर तहसीलदार वगता राम पुरोहित और भींडर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों से लंबी बातचीत के बाद फिलहाल जालियां हटाने और यथास्थिति बनाए रखने पर सहमति बनी। तहसीलदार ने बताया कि अब राजस्व विभाग की विशेष टीम सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर जमीन की पैमाइश और सीमांकन करेगी। रिपोर्ट आने तक कोई भी पक्ष निर्माण कार्य नहीं करेगा।
मौके पर पुलिस तैनात
दोनों पक्षों ने कानोड़ थाने में अपनी-अपनी रिपोर्ट दी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।