उदयसागर के दो गेट खोले, सेमारी में सड़कों पर भरा पानी

Share

सेमारी में 5 तो झाड़ोल में 4 इंच बारिश; तेज बारिश से कई जगह रास्ते बंद, सोम नदी उफान पर
उदयपुर, 12 अगस्त:
उदयपुर शहर और जिले के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से तेज बारिश का दौर जारी रहा। कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फीट पार हो गया। 24 फीट की पूर्ण भराव क्षमता वाले बांध में लगातार पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बुधवार दोपहर दो गेट एक-एक फीट खोल दिए।
मंगलवार को उदयपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के चलते बुधवार सुबह मौसम में ठंडक रही और वातावरण में नमी बनी रही।
सलूंबर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बारिश हो रही है। सेमारी में तेज बारिश के कारण सड़कों और बाजारों में पानी भर गया। कई स्थानों पर रास्तों पर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हुआ।
उदयसागर में लगातार पानी की आवक
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता नितेश नायक ने बताया कि उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फीट से अधिक हो गया है। कैचमेंट क्षेत्र में पानी की लगातार आवक को देखते हुए बुधवार दोपहर दो गेट एक-एक फीट खोले गए हैं।
बीते 24 घंटे में बुधवार सुबह 8 बजे तक उदयपुर जिले में उदयसागर रेनफॉल सेंटर पर करीब ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। वल्लभनगर में 2 इंच, जबकि जयसमंद, सलूंबर, डाया और देवास में करीब एक-एक इंच बारिश दर्ज हुई।
सेमारी में बाजार और सड़कों पर पानी
सलूंबर के नरसिंह मंदिर के पास गली और होली चौक में बारिश का पानी तेजी से बहता नजर आया। सेमारी कस्बे में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। बाजार में दुकानों के बाहर भी पानी जमा हो गया, जिससे लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।

खेरवाड़ा क्षेत्र में सोम नदी उफान पर

खेरवाड़ा, 12 अगस्त (फूलशंकर डामोर): उपखंड में बीती रात से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। ऋषभदेव, नयागांव और खेरवाड़ा क्षेत्र के कई गांवों में जोरदार बारिश हुई। कई छोटे एनीकट छलकने की सूचना है। लंबे इंतजार के बाद बावलवाड़ा क्षेत्र में सोम नदी भी उफान पर आ गई, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ।