अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद, दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम था
उदयपुर, 13 सितंबर: लोहावली क्षेत्र में हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में सविना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों उस्मान गुनी और मोहसिन गदनिया उर्फ काना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सविना दलवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पूछताछ में वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन के संबंध में जानकारी मिलने के बाद इन्हें बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में गोगा गैंग के आरोपी मुजफ्फर हुसैन उर्फ गोगा, जयेश गुर्जर, गोविन्दलाल और रौनक राव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ये आरोपी फायरिंग की साजिश रचने और हथियार उपलब्ध कराने में शामिल बताए गए हैं। फरार चल रहे उस्मान और मोहसिन पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी दलवीर सिंह, रविन्द्र, मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक, कांस्टेबल लोकेश रायका, मांगीलाल, छगनलाल और खरताराम शामिल रहे।