गैंगवार की साजिश रच रहे दो बदमाश गिरफ्तार

Share

हार्डकोर अपराधी फरदीन उर्फ गांजा और हिस्ट्रीशीटर फैजल आलम से दो पिस्टल, चार मैगजीन बरामद
उदयपुर, 19 अक्टूबर:
उदयपुर पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हार्डकोर अपराधी फरदीन उर्फ गांजा और हिस्ट्रीशीटर फैजल आलम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और चार मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों विरोधी गैंग के सदस्यों पर जानलेवा हमला करने की फिराक में थे।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुखेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। सूचना पर पुलिस ने अंबेरी की काली पहाड़ी पर तलाशी के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से हथियार मिले। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मोबाइल से मिले खरीद-फरोख्त के सुराग
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने विरोधी गैंग को निशाना बनाने के लिए हथियार लाना बताया। मोबाइल फोन के विश्लेषण में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े डेटा भी मिले हैं। फरदीन के खिलाफ उदयपुर में 22 और अन्य जिलों में तीन प्रकरण दर्ज हैं, जबकि फैजल के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न आरोप शामिल हैं। पुलिस हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।