उदयपुर, 4 मई: शहर के लिए गौरव की बात है कि कयाकिंग खिलाड़ी कनिष्का कुमावत और आयुष चौधरी का चयन भारतीय कैनो मैराथन टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 21 से 24 मई तक चीन में आयोजित कैनो मैराथन विश्व कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि यह चयन चंडीगढ़ में आयोजित ट्रायल के बाद हुआ। संघ अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय संघ, प्रशिक्षकों और परिवार को दिया। कनिष्का ने विशेष रूप से अपने विद्यालय और शिक्षकों का आभार जताया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उदयपुर के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन शहर में जल क्रीड़ा अकादमी का अभाव बड़ी बाधा बना हुआ है। सरकार से अकादमी स्थापना की मांग दोहराई गई है।