उदयपुर, 7 अक्टूबर: तीतरड़ी में दो दिन पहले सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद गुस्साई भीड़ से ट्रक खलासी की जान बचाने वाले दो पुलिसकर्मियों को बुधवार को सम्मानित किया गया। सेविना थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक सज्जन सिंह और लाल सिंह को जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने प्रशस्ति पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के सम्मान के लिए एक दिन पहले ही आदेश जारी किए थे।
5 अक्टूबर को तीतरड़ी में 45 वर्षीय निर्मला साहू स्कूटी से दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक की टक्कर से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि आक्रोशित भीड़ ने ट्रक खलासी को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। दोनों पुलिसकर्मियों ने भीड़ के बीच पहुंचकर खलासी को बचाया। सज्जन सिंह ने बताया कि भीड़ ने शौचालय का दरवाजा तोड़कर खलासी को बाहर निकाला था। उन्होंने खलासी को बचाने के लिए खुद उसके ऊपर लेटकर भीड़ को रोकने का प्रयास किया और बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया।