हवाला खुर्द में यूडीए का बुलडोजर, 50 करोड़ की जमीन अतिक्रमण मुक्त

Share

3 निर्माणाधीन मकान और 20 पक्की चारदीवारियां ध्वस्त, शिल्पग्राम के पास बड़ी कार्रवाई
उदयपुर, 2 जून:
उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने मंगलवार को शिल्पग्राम के निकट हवाला खुर्द और हवाला गांव क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। भारी पुलिस जाब्ते और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 3 निर्माणाधीन मकानों, 20 पक्की बाउंड्री वॉल तथा अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर करीब 1.75 लाख वर्गफीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यूडीए के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य लगभग 50 करोड़ रुपए है।
सरकारी भूमि पर किए गए थे निर्माण
यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि हवालाखुर्द स्थित आराजी संख्या 534/1, 535, 735 और 746 सहित कई भूखंड राजस्व रिकॉर्ड में यूडीए के नाम दर्ज हैं। इन जमीनों पर हाल ही में अवैध निर्माण और चारदीवारियां खड़ी कर दी गई थीं। सूचना मिलने पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वैध कागजात पेश नहीं किए गए।
भारी सुरक्षा में चली कार्रवाई
यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाए गए। मौके पर तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा, यूडीए उपायुक्त रमेशचंद बहड़िया, डीएसपी गोपाल चंदेल, नाई थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही तथा प्रॉपर्टी बाजार में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।