सब जूनियर वर्ग में चयन, 20 अप्रैल तक पुणे में होगा प्रशिक्षण शिविर
उदयपुर, 1 अप्रैल: लेकसिटी उदयपुर की उभरती जिम्नास्ट भार्गवी सिंह भाटी का इंडिया कैंप के लिए चयन हुआ है। वह बुधवार को पुणे में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रवाना हो गई।
जिला जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष हिम्मत सिंह चौहान ने बताया कि भार्गवी का चयन सब जूनियर वर्ग में हुआ है। यह कैंप 1 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पुणे में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
संघ के सचिव डॉ. भरत सिंह भाटी ने बताया कि भार्गवी बी.एन. जिम्नास्टिक एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही है और उसके चयन से पूरे शहर में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर संघ के संरक्षक राजेंद्र नलवाया, उपाध्यक्ष विनयदीप सिंह कुशवाहा, भरत सिंह राठौड़, संजय कोठारी, जगदीश जालानिया सहित कई पदाधिकारियों ने उसे मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही कोच रतन सिंह और अभियाराम मीणा का भी सम्मान किया गया। संघ पदाधिकारियों ने भार्गवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उदयपुर का नाम रोशन करेगी।
उल्लेखनीय है कि भार्गवी जिले की पहली जिम्नास्ट है, जिसका चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ है, जो शहर के खेल जगत के लिए गर्व की बात है।