उदयपुर, 4 अप्रैल: झीलों की नगरी उदयपुर में वन्य पर्यटन का नया अध्याय तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क स्थित लायन सफारी ने महज डेढ़ महीने में 6000 से अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर अपनी खास पहचान बना ली है। इस अवधि में विभाग को 15 लाख रुपए से अधिक की आय भी प्राप्त हुई है, जो इस प्रोजेक्ट की सफलता का संकेत है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सफारी क्षेत्र में सुरक्षा, स्वच्छता और मार्गदर्शन की बेहतर व्यवस्था की गई है। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित स्टाफ और व्यवस्थित प्रबंधन के कारण यहां का अनुभव यादगार बन रहा है। यही वजह है कि पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पर्यटन विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे प्रोजेक्ट न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।
गौरतलब है कि इस लायन सफारी का उद्घाटन गुलाबचंद कटारिया ने 17 फरवरी को किया था। इसके बाद से ही यह स्थल उदयपुर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है।