देशभक्ति के रंग में रंगा उदयपुर, ‘हर हाथ तिरंगा यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब

Share

उदयपुर, 13 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस से पहले उदयपुर बुधवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शुद्धम ग्रुप एवं वरदान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-14 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चौथी ‘हर हाथ तिरंगा यात्रा’ में 1500 से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, समाजसेवी और नागरिक शामिल हुए। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और निवृत्ति कुमारी मेवाड़ सहित अतिथियों ने झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
2.5 किमी यात्रा, रास्ते में पुष्पवर्षा
वरदान स्कूल से शुरू हुई करीब 2.5 किलोमीटर लंबी यात्रा जैन स्टोन वाली गली, चुंगी नाका होते हुए सीए सर्किल पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थी ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष करते आगे बढ़े। हिरण मंगरी क्षेत्र में लोगों ने घरों से निकलकर विद्यार्थियों पर पुष्पवर्षा की और मिठाइयां बांटकर स्वागत किया।
झांकियां, बग्गी और स्केटिंग बने आकर्षण
यात्रा में देशभक्ति से सजी झांकियां, सुसज्जित बग्गी, बैंड और स्केटिंग करते विद्यार्थियों ने लोगों का ध्यान खींचा। सीए सर्किल पर राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। जिला कलेक्टर अग्रवाल ने तिरंगे को गौरव, त्याग और एकता का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की निवृत्ति कुमारी ने कहा कि मेवाड़ की धरती पर हजारों विद्यार्थियों का तिरंगा लेकर चलना गर्व का विषय है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।