उदयपुर विजन-2047: अब गांव नहीं, बनेगा “ग्रेटर उदयपुर”

Share

ट्रैफिक जाम से पर्यटन तक बदल जाएगी शहर की तस्वीर
205 गांव जुड़ेंगे विकास की मुख्यधारा से, रिंग रोड-फ्लाईओवर और थीम रोड से मिलेगा नया शहरी मॉडल
गोपाल लोहार
उदयपुर, 8 मई
: झीलों की नगरी उदयपुर अब आने वाले दो दशकों में केवल पर्यटन शहर नहीं, बल्कि आधुनिक और सुनियोजित “ग्रेटर उदयपुर” के रूप में विकसित होने जा रही है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अनियोजित विस्तार और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यूडीए (UDA) ने “उदयपुर विजन-2047” तैयार किया है। इस मास्टर प्लान का उद्देश्य सिर्फ सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा शहर विकसित करना है जहां यातायात सुगम हो, गांवों को आधुनिक सुविधाएं मिलें, पर्यटन को नया आयाम मिले और आम नागरिक को बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त हो।
योजना के अनुसार उदयपुर शहर की परिधि से जुड़े 205 गांवों को विकास के दायरे में शामिल किया जाएगा। इनमें 136 गांव पहले से शहरी सीमा में हैं, जबकि शेष गांवों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा। इन क्षेत्रों में आवासीय कॉलोनियां, व्यावसायिक गतिविधियां, सार्वजनिक सुविधाएं और वैज्ञानिक ट्रैफिक सिस्टम विकसित किए जाएंगे।
अब शहर में नहीं फंसेगा ट्रैफिक
विजन-2047 का सबसे बड़ा फोकस ट्रैफिक जाम खत्म करना है। इसके तहत भुवाणा से अंबेरी चौराहे तक सड़क को सिक्स लेन किया जाएगा। शहर के चारों ओर ट्रैफिक रिंग रोड विकसित होगी ताकि बाहरी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश न करना पड़े। इससे शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर दबाव कम होगा।
आरके सर्कल के विस्तार और बलीचा क्षेत्र में एलिवेटेड रोड जैसी योजनाएं शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को नई दिशा देंगी। प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने के लिए नए लिंक रोड भी विकसित किए जाएंगे।
महाराणा प्रताप थीम रोड बनेगी नई पहचान
प्रतापनगर से बलीचा बाईपास तक सड़क को “महाराणा प्रताप थीम रोड” के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां विशेष लाइटिंग, मेवाड़ की सांस्कृतिक झलक और आकर्षक शहरी डिजाइन देखने को मिलेगा। यह मार्ग केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि पर्यटन आकर्षण का केंद्र भी बनेगा।
इसी तरह रानी रोड के करीब 7 से 8 किलोमीटर क्षेत्र को सर्पिलाकार डिजाइन के साथ विकसित किया जाएगा। झील और पहाड़ियों के बीच यह रोड पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव प्रदान करेगी।
गांवों को मिलेगा शहर जैसा विकास
विजन-2047 का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि शहर से सटे गांवों को भी योजनाबद्ध विकास से जोड़ा जाएगा। सड़क, पानी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार गांवों तक होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की जमीनों का व्यवस्थित उपयोग हो सकेगा और अनियोजित कॉलोनियों पर रोक लगेगी।
आम आदमी को क्या फायदा?
ट्रैफिक जाम और यात्रा समय में कमी
गांवों में बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं
जमीन रूपांतरण और लीज प्रक्रियाओं में सरलता
पर्यटन बढ़ने से रोजगार के नए अवसर
बाहरी निवेश और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि
भविष्य की आबादी के अनुसार योजनाबद्ध विकास
सिर्फ विकास नहीं, “सस्टेनेबल सिटी” का मॉडल