‘किसी भी हाल में उदयपुर गंदा नहीं रहेगा’

Share

मेयर पारस सिंघवी ने गिनाईं प्राथमिकताएं
झीलों का संरक्षण, पेयजल और पर्यटन सुविधाओं पर जोर; कहा- 5 साल में निगम को कांग्रेस मुक्त करने का प्रयास करूंगा
उदयपुर, 21 सितम्बर (ऋचा पानेरी):
नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने पदभार संभालने के बाद शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि उदयपुर की झीलों का संरक्षण उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। शहर को विरासत में मिली पहचान को संवारने और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कार्य करने की बात कही।
सिंघवी ने कहा कि जनता ने उन्हें पांचवीं बार पार्षद चुना है और जनता का विश्वास उनके लिए कर्ज के समान है। वह अधिक समय देकर लोगों के लिए काम करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम के सभी 80 पार्षद उनके लिए महत्वपूर्ण हैं और सभी को साथ लेकर शहर के विकास की दिशा में काम किया जाएगा।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए शहर की जरूरत के अनुसार योजना बनाने, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार को उन्होंने प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उदयपुर किसी भी कीमत पर गंदा नहीं रहे। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
राजनीतिक सवाल पर सिंघवी ने कहा कि वह इतना काम करने का प्रयास करेंगे कि आने वाले पांच साल में नगर निगम को कांग्रेस मुक्त किया जा सके।