तीसरे दिन भी प्रदूषण से राहत नहीं, पीएम 2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा से तीन गुना से अधिक
उदयपुर, 10 नवम्बर: दीपावली के बाद उदयपुर की हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। मंगलवार सुबह 11 बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 225 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। दीपावली के तीसरे दिन भी प्रदूषण का असर कम नहीं हुआ। हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों का स्तर चिंता बढ़ा रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को उदयपुर का औसत एक्यूआई 252 रहा था। दोपहर बाद इसका स्तर बढ़कर 290 के पार पहुंच गया था। लाइव आंकड़ों में हर आधे घंटे के अंतराल पर उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। अलग-अलग वेबसाइटों पर भी एक्यूआई के आंकड़ों में अंतर सामने आ रहा है।
पिछले साल से 26 अंक अधिक प्रदूषण
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार दीपावली के दौरान वर्ष 2025 में औसत एक्यूआई 226 था, जबकि इस बार 2026 में यह 252 दर्ज किया गया। यानी पिछले साल की तुलना में 26 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों में वर्ष 2021 में एक्यूआई 315 के स्तर पर पहुंचा था, जबकि 2023 में यह 193 रहा था। वर्ष 2024, 2025 और 2026 में लगातार तीसरे साल दीपावली पर एक्यूआई 200 से ऊपर दर्ज हुआ है।
पीएम 2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा से तीन गुना अधिक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार पीएम 10 का सामान्य स्तर 100 और पीएम 2.5 का स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक निर्धारित है। दीपावली के 24 घंटे के औसत आंकड़ों में उदयपुर में पीएम 10 का स्तर 263 और पीएम 2.5 का स्तर 194.110 दर्ज किया गया। बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
पहाड़ियों के बीच ठहरता है धुआं
नवंबर में रात का तापमान गिरने और हवा की रफ्तार धीमी रहने से पटाखों का धुआं जल्दी बिखर नहीं पाता। पहाड़ियों से घिरे शहर में यह प्रदूषण निचली सतह पर बना रह सकता है। ऐसे में दीपावली के बाद भी हवा की गुणवत्ता सुधरने में समय लग रहा है।