उदयपुर, 8 अप्रैल:ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कैनोइंग और कयाकिंग प्रतियोगिता में सुविवि ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय के लिए एक गोल्ड, एक सिल्वर पदक और एक कांस्य पदक विश्वविद्यालय के नाम किया। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कैनोइंग और कयाकिंग प्रतियोगिता का आयोजन शिवाजी यूनिवर्सिटी, कोल्हापुर द्वारा कृष्णा नदी, सांगली में 5 से 8 अप्रैल 2026 तक किया गया।
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय क्रीड़ा मण्डल के सचिव डॉ. भीमराज पटेल ने बताया कि सुविवि के लिए के1-1000 मी. में वंश शर्मा ने स्वर्ण पदक, के1-500 मी. में वंश शर्मा ने ही रजत पदक, के2-500 मी. में वंश शर्मा व साहिल गायरी ने कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही के2-200 मी. में वंश शर्मा व साहिल गायरी, के4-200 मी. और के4-500 मी. में तन्मय मेनारिया, रजत मेनारिया, साहिल गायरी, दीपेश सलाल की टीम ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा मण्डल के अध्यक्ष प्रो. शूरवीर एस. भाणावत ने वंश शर्मा, साहिल गायरी, तन्मय मेनारिया, रजत मेनारिया, दीपेश सलाल एवं उनके टीम मैनेजर श्री रूद्र प्रताप सिंह चौहान व कोच नितिन बिष्ट को बधाई दी। इसके साथ ही कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन हेतु आगामी 29 अगस्त 2026 खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा मण्डल की ओर से नकद पुरस्कार दिया जायेगा।