बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
उदयपुर, 3 अप्रैल: भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा 6 अप्रैल को स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहरभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी रणनीति वर्चुअल बैठक में तय की गई।
जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित बैठक में स्थापना दिवस के साथ-साथ ज्योतिबा फुले, सुंदरसिंह भण्डारी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
राठौड़ ने बताया कि 5 अप्रैल को सूरजपोल स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पांजलि दी जाएगी। 6 अप्रैल को सुबह फतहसागर व रानी रोड पर साइकिल रैली निकाली जाएगी, वहीं पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण, रंगोली व उद्बोधन कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रमों में पारंपरिक वेशभूषा में भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा शहर के प्रमुख चौराहों को पार्टी ध्वजों से सजाया जाएगा। महिला मोर्चा द्वारा रंगोली व मेहंदी कार्यक्रम भी होंगे।
7 अप्रैल को गुलाब बाग में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। आगामी 11, 12 और 14 अप्रैल को विभिन्न महापुरुषों की जयंती पर सम्मान व अभिनंदन कार्यक्रम भी होंगे। बैठक में विभिन्न पदाधिकारियों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।