विजयलक्ष्मी गलुंडिया बनीं कैट की राष्ट्रीय सह-सचिव

Share

दिल्ली में मिली दो अहम जिम्मेदारियां, महिला उद्यमिता को मिलेगा नया नेतृत्व
उदयपुर, 20 अप्रैल
: देशभर के व्यापारिक संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रतिष्ठित संस्था कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की नई दिल्ली में आयोजित वार्षिक आम सभा एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी चुनाव में उदयपुर की विजयलक्ष्मी गलुंडिया को राष्ट्रीय सह-सचिव नियुक्त किया गया। यह घोषणा कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया और राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने की।
नई दिल्ली में आयोजित कैट नेशनल वूमेन समिट-2026 के दौरान विजयलक्ष्मी गलुंडिया को कैट वूमेन विंग की मेंबरशिप एवं नेटवर्किंग कमेटी की कन्वीनर की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं और कैट के राष्ट्रीय बोर्ड में उनकी सहभागिता महिला सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण है। नई दिल्ली के हिंदी भवन में आयोजित इस सम्मेलन में महिला उद्यमिता, व्यापार और नेतृत्व विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
सम्मेलन में कैट उदयपुर की ओर से डॉ. सोनू जैन, नैना जैन, चयनिका गलुंडिया, कल्पना चोरड़िया सहित कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने इस जिम्मेदारी के लिए संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरे समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी।