लेपर्ड के हमले से ग्रामीण घायल, गांव में दहशत

Share

नाले के पास घात लगाकर किया हमला, शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण; अस्पताल में उपचार जारी
बांसवाड़ा, 30 मई
: जिले के भुंगड़ा थाना क्षेत्र के भंमर कढ़ा गांव में शनिवार सुबह एक ग्रामीण पर लेपर्ड के हमले से सनसनी फैल गई। अचानक हुए हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए महात्मा गांधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार भंमर कढ़ा निवासी कानजी (49) शनिवार सुबह घर के निकट स्थित नाले की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे लेपर्ड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। लेपर्ड ने अपने पंजों और दांतों से कानजी के हाथ, पैर तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर कई गहरे घाव कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर बचाव को पहुंचे ग्रामीण
हमले के दौरान कानजी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख लेपर्ड जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल कानजी को तत्काल परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। महात्मा गांधी जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में कानजी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर पर लेपर्ड के हमले के स्पष्ट और गहरे निशान हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने तथा गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।