ग्राम रथ यात्रा से जागरूक हो रहे ग्रामीण

Share

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दी जा रही योजनाओं की जानकारी
उदयपुर, 6 मई:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रही ग्राम रथ यात्रा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान को नई दिशा मिल रही है। उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र की ओबरा कलां पंचायत मुख्यालय पर आयोजित संध्या चौपाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न राजकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं को समझा और संवाद में हिस्सा लिया।
जिला परिषद के सीईओ विरमाराम ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक तरीके से पहुंचाना है। चौपाल में पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, पूर्व उप प्रमुख पुष्कर तेली, समाजसेवी गजपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान के निर्देश भी दिए।
एलईडी युक्त ग्राम रथ के जरिए 13 विभागों—कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास—की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए संदेश को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण आसानी से समझ सकें।
अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम रथ में सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि इससे सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।