एक महीने में चोरी और प्रयास की करीब 5 वारदातें, ग्रामीणों ने सुखेर थाने में शिकायत देकर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की
उदयपुर, 8 अक्टूबर: सुखेर थाना क्षेत्र के ग्राम जोशीयों की बावड़ी (लखावली) में पिछले एक महीने से चोरी और चोरी के प्रयास की लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों ने बुधवार को सुखेर थाना अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर गांव में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों की जांच की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक महीने में चोरी और चोरी के प्रयास की करीब पांच घटनाएं हो चुकी हैं। चोरों ने दो अलग-अलग मकानों और एक दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर मौके से भाग गए। 13 सितंबर को घर के बाहर लगे ट्यूबवेल की केबल चोरी कर ली गई।
इसी तरह हाईवे पर खड़े एक ट्रक से डीजल निकालने का प्रयास किया गया, जबकि एक ठेले का ताला तोड़कर उसमें रखा पूरा सामान चोरी कर लिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण रात के समय घरों, दुकानों और वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में नियमित रात्रि गश्त शुरू करने, संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और पूर्व में हुई घटनाओं की जांच कर चोरों का पता लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित पुलिस गश्त से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम होगा।
किश्त के 2.54 लाख रुपए लेकर फरार फाइनेंस कंपनी कर्मचारी गिरफ्तार
डूंगरपुर, 8 अक्टूबर: फाइनेंस कंपनी से समूह लोन की किश्त के 2.54 लाख रुपए वसूलकर बिना जमा कराए फरार हुए कर्मचारी को डूंगरपुर पुलिस ने डीग जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब दो महीने से फरार चल रहा था। धंबोला थाना पुलिस के अनुसार कमल फिनकेप प्राइवेट लिमिटेड की सीमलवाड़ा शाखा के क्षेत्रीय प्रबंधक सोनू ने 21 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि फील्ड स्टाफ के रूप में वसूली का काम करने वाला सुशील निवासी डीग 12 अगस्त को सीमलवाड़ा क्षेत्र से समूह लोन की किश्त के 2,54,247 रुपए वसूलकर कंपनी में जमा कराए बिना फरार हो गया। थानाधिकारी चंद्रशेखर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को कुम्हेर, जिला डीग से पकड़ा। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।