उदयपुर, 13 अगस्त: सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में बुजुर्ग पति-पत्नी के दो दिन से लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीण गुरुवार को थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर दंपती को जल्द तलाशने की मांग की। परिजनों ने बुजुर्गों के अपहरण की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी ने देखा घर
65 वर्षीय लहरीलाल पालीवाल और उनकी 62 वर्षीय पत्नी राधा देवी घर पर अकेले रहते हैं। लहरीलाल दूध बेचने का काम करते हैं। बुधवार सुबह जब वे दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी घर पहुंचा। दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर दोनों नहीं मिले। इसके बाद बेटे मनोहर को सूचना दी गई।
रात में हुई थी मां से फोन पर बात
मनोहर राजकोट में निजी नौकरी करता है। उसने बताया कि मंगलवार रात उसकी मां से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद सुबह पड़ोसी ने घर पर किसी के नहीं होने की सूचना दी। रिश्तेदारों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सायरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार टीमों को संभावित स्थानों पर तलाश के लिए लगाया गया है और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। परिजन जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं।