राजसमंद, 27 अगस्त: राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने गुरुवार को खमनोर मंडल के मोलेला क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। मोलेला में जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में जीतावास विजेता, कुंडिया उपविजेता और कुंवारिया तीसरे स्थान पर रही। इसके बाद दोनों ने मोलेला के टेराकोटा हस्तकला केंद्रों का अवलोकन कर कारीगरों से कला और रोजगार की जानकारी ली। मोलेला खेड़ा स्थित देवी माता मंदिर में दर्शन के बाद पंचायत समिति खमनोर में राजीविका महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी देखी। महिलाओं ने अपने उत्पाद और सफलता की कहानियां साझा कीं। सांसद-विधायक ने महिलाओं के स्वावलंबन की सराहना की।
सरिए से युवक का सिर फोड़ा, 8 टांके आए
बांसवाड़ा, 27 अगस्त: आंबापुरा थाना क्षेत्र के वडलीपाड़ा मानजी गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया गया। घर के बाहर खड़े अनिल पुत्र सुखलाल पर गांव के ही विनोद ने सिर पर सरिए से वार किया। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सिर के गहरे घाव पर 8 टांके लगाए। डॉक्टर हर्ष चौधरी के अनुसार घायल का उपचार जारी है। एएसआई प्रकाश पाटीदार ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद था। विनोद सूरत में मजदूरी करता है और घटना से पहले ही गांव आया था। फिलहाल पुलिस को किसी पक्ष ने रिपोर्ट नहीं दी है।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 3 घायल
बांसवाड़ा, 27 अगस्त: सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र में बड़ा डूंगरा के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में वडलीपाड़ा निवासी अर्जुन और राहुल तथा छोटा डूंगरा निवासी रामा पुत्र बदा घायल हो गए। तीनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों को छोटा डूंगरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एमजी अस्पताल रेफर किया गया। एंबुलेंस ईएमटी सतीश के अनुसार एक बाइक पर अर्जुन-राहुल और दूसरी पर रामा सवार था। एमजी अस्पताल में तीनों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
बंद मकान में मिली 590 पेटी शराब-बीयर
सलूंबर, 27 अगस्त: गींगला थाना पुलिस ने उथरदा गांव में एक निर्माणाधीन मकान से 590 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क किनारे बाड़े में बने बंद मकान में शराब छिपाकर रखी गई है। थाना प्रभारी आजाद पटेल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। बड़ी मात्रा में शराब मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार अधिकांश शराब चंडीगढ़ निर्मित है, जबकि बीयर पंजाब निर्मित बताई गई है। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अब शराब की सप्लाई, स्टॉक और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।