मिनी पाकिस्तान वाले बयान पर भाजपा विधायक को रोका, बूथ सीमा में कांग्रेस समर्थकों के पहुंचने पर भी हंगामा
उदयपुर, 11 सितंबर: उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नगर निगम क्षेत्र में 69.78 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान वार्ड 23 में कांग्रेस समर्थकों के बूथ की निर्धारित सीमा में पहुंचने पर भाजपा ने विरोध जताया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें बूथ सीमा से बाहर कर दिया। वहीं, एक बूथ पर तीन मतदाताओं के पहुंचने से पहले ही उनके नाम पर मतदान किए जाने की शिकायत भी सामने आई।
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में कुल 220 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया। इनमें भाजपा और कांग्रेस के 160 प्रत्याशी शामिल हैं। इधर, शहर के वार्ड 73 में भाजपा विधायक ताराचंद जैन को भी विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक जैन दोपहर में आयड़ क्षेत्र स्थित सनबीम स्कूल मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय लोगों ने नारेबाजी की और उन्हें वापस लौटना पड़ा। नारेबाजी के दौरान कथित तौर पर क्षेत्र को ‘मिनी पाकिस्तान’ कहे जाने की बात सामने आई।
नगर निगम के साथ मावली और कानोड़ नगर पालिका में भी मतदान हुआ। मावली में सबसे अधिक 88.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कानोड़ में 82.53 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान प्रतिशत: उदयपुर में सुबह 10 बजे 12.06, दोपहर 1 बजे 38.45, 3 बजे 52.13 और शाम 6 बजे 69.78 प्रतिशत मतदान हुआ। मावली में क्रमश: 28.86, 67.57, 79.48 और 88.39 प्रतिशत तथा कानोड़ में 37.33, 56.24, 76.16 और 82.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कुशलगढ़ में 81.79% और परतापुर-गढ़ी में 66.64% मतदान
मतदान केंद्रों पर लगी कतारें, 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भी डाला वोट
बांसवाड़ा, 11 सितंबर: नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी नगर पालिकाओं में शुक्रवार को मतदान उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक कुशलगढ़ में 81.79 प्रतिशत और परतापुर-गढ़ी में 66.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। कुशलगढ़ के वार्ड 10 में पति-पत्नी साथ मतदान करने पहुंचे, जबकि उनका नाबालिग बेटा केंद्र के बाहर रहा। परतापुर-गढ़ी के वार्ड 8 में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मतदान किया। 92 वर्षीय बुजुर्ग भी बेटे के साथ वोट डालने पहुंचे। कुशलगढ़ में 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 8,867 मतदाता थे। परतापुर-गढ़ी में भी कई केंद्रों पर लंबी कतारें रहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव और पर्यवेक्षक बंशीधर कुमावत ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सलूंबर में 78.69 प्रतिशत मतदान, 80 वर्षीय महिला का जज्बा चर्चा में
अस्पताल से तीन घंटे की छुट्टी लेकर वोट देने पहुंचीं, 104 वर्षीय मां सहित चार पीढ़ियों ने किया मतदान
सलूंबर, 11 सितंबर: नगर निकाय चुनाव में सलूंबर नगर परिषद के 25 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान उत्साह के साथ हुआ। शाम 6 बजे तक 78.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान 80 वर्षीय प्याई बाई का जज्बा चर्चा में रहा। बीमारी के चलते उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती प्याई बाई मतदान के लिए तीन घंटे की छुट्टी लेकर सलूंबर पहुंचीं और वोट डाला। उनके साथ उनकी 104 वर्षीय मां कुरी बाई सहित परिवार की चार पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया। सलूंबर में कुल 62 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें भाजपा और कांग्रेस के 25-25, बीएपी के तीन तथा आठ निर्दलीय प्रत्याशी शामिल रहे। मतदान प्रतिशत सुबह 10 बजे 25.20, दोपहर 1 बजे 53.18 और 3 बजे 67.54 प्रतिशत रहा। सभी 25 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
देवगढ़ में 83.58 प्रतिशत मतदान, तीन फीट के दंपती ने डाला वोट
95 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी मतदान केंद्र पहुंचीं, राजसमंद में 77.33 प्रतिशत वोटिंग
राजसमंद, 11 सितंबर: राजसमंद जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। शाम 6 बजे तक देवगढ़ नगर पालिका में 83.58 प्रतिशत और राजसमंद नगर परिषद में 77.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर अंतिम समय तक मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। वार्ड 40 के माणक चौक मतदान केंद्र पर करीब तीन फीट कद के दंपती ऋषभ सोलानी और साक्षी माहेश्वरी भी मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के बाद दोनों ने उंगली पर लगा मतदान का निशान दिखाते हुए खुशी जताई। इसी वार्ड की 95 वर्षीय तुलसी बाई भी परिजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने परिजनों के साथ फोटो भी खिंचवाई। जिले के तीन निकायों में कुल 251 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान के लिए 95 केंद्र बनाए गए थे।
निंबाहेड़ा में 76.03 प्रतिशत मतदान, 112 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद
सुबह से बूथों पर लगी कतारें, महिलाओं की भी मतदान में दिखी सक्रिय भागीदारी
निम्बाहेड़ा, 11 सितंबर: नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में निंबाहेड़ा में शुक्रवार को मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। शहर के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। कई बूथों पर महिलाओं की संख्या भी अच्छी रही। शाम 6 बजे तक 74.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि अंतिम आंकड़ा 76.03 प्रतिशत रहा। मतदान के दौरान सुबह 10 बजे तक 22.71, दोपहर 1 बजे 45.95 और 3 बजे तक 59.77 प्रतिशत मतदान हुआ। निंबाहेड़ा में चुनाव के लिए कुल 65 मतदान केंद्र बनाए गए थे। 112 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के 44-44 प्रत्याशी तथा अन्य पार्टियों और निर्दलीयों के 24 प्रत्याशी शामिल हैं। मतदान संपन्न होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। अब मतगणना के बाद चुनाव परिणाम सामने आएगा।
मतदान के ऐन वक्त बिजली गुल, कृष्णपुरा में तीन मिनट अंधेरा
सुबह 8.14 बजे सेंट पॉल स्कूल के पास आपूर्ति बंद, मतदान व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
उदयपुर, 11 सितंबर: शहर में शुक्रवार को मतदान के दौरान कृष्णपुरा क्षेत्र में सेंट पॉल स्कूल के पास अचानक बिजली गुल हो गई। सुबह करीब 8.14 बजे हुई बिजली कटौती करीब तीन मिनट तक रही। मतदान के महत्वपूर्ण समय में बिजली आपूर्ति बाधित होने से मौके पर मौजूद लोगों में व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मतदान जैसे संवेदनशील समय में बूथ और आसपास बिजली व्यवस्था सुचारु रखना जरूरी माना जाता है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि मतदान केंद्रों और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति को लेकर पहले से विशेष निगरानी क्यों नहीं रखी गई। हालांकि करीब तीन मिनट बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और मतदान प्रक्रिया जारी रही। लोगों का कहना था कि मतदान के दौरान कुछ मिनट का व्यवधान भी प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सवाल खड़े करता है। घटना से मतदान केंद्रों के आसपास बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में चर्चा बनी रही।
बांसवाड़ा में भाजपा की बाड़ाबंदी, 60 पार्षद प्रत्याशी गुजरात रवाना
सारंगपुर बालाजी धाम में दर्शन करते नजर आए प्रत्याशी, परिणाम तक साथ रखने की तैयारी
बांसवाड़ा, 11 सितंबर: नगर परिषद चुनाव के बाद भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। जोड़-तोड़ की आशंका के बीच पार्टी ने करीब 60 पार्षद प्रत्याशियों को गुजरात के प्रसिद्ध सारंगपुर बालाजी धाम भेजा है। सभी प्रत्याशियों को गुरुवार को जिला पार्टी कार्यालय से निजी बस के जरिए रवाना किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में दर्शन करते भाजपा प्रत्याशियों का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों को एक साथ रहने के निर्देश दिए गए हैं और उन्हें चुनाव परिणाम आने तक साथ रखने की तैयारी है। माना जा रहा है कि नगर परिषद में बोर्ड गठन के दौरान संभावित राजनीतिक जोड़-तोड़ से बचने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही प्रत्याशियों के वापस लौटने की संभावना जताई जा रही है।