उदयपुर, 23 अगस्त: उदयपुर में रविवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। बीते करीब एक सप्ताह से जिले में बारिश नहीं हुई है। शनिवार को भी शहर सहित जिलेभर में बारिश नहीं हुई। इससे झील, बांध और तालाबों में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार थम गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून का तीसरा दौर भी कमजोर पड़ता दिख रहा है। जिले में अब तक सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। अगले सप्ताह भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तेज बारिश की संभावना कम है। उमस के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है।