विश्व जनसंख्या दिवस पर सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान

Share

‘बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल’ थीम पर होंगे कार्यक्रम
उदयपुर, 8 जुलाई:
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर उदयपुर जिले में 11 से 18 जुलाई तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य योग्य दंपतियों में सीमित परिवार, नियोजित गर्भधारण और बच्चों के जन्म के बीच स्वस्थ अंतराल को बढ़ावा देना है। इस वर्ष सभी गतिविधियां ‘बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल’ थीम पर आधारित होंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक और लोक कला कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन का संदेश पहुंचाया जाएगा। वहीं, सास-बहू सम्मेलनों में गर्भधारण के बीच उचित अंतराल, आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों और उनसे जुड़ी भ्रांतियों पर जानकारी दी जाएगी।
एडिशनल सीएमएचओ डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर गोपनीय परिवार नियोजन परामर्श, रेफरल परिवहन व्यवस्था और गर्भनिरोधक साधनों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर विवाह की सही आयु, पहले बच्चे के लिए कम से कम दो वर्ष का अंतराल और पहले व दूसरे बच्चे के बीच तीन वर्ष का अंतर रखने के लिए जागरूक करेंगे। अभियान की दैनिक मॉनिटरिंग जिला और राज्य स्तर पर की जाएगी।