कांग्रेस विधायक की पत्नी ने तीसरी बार जीती सरपंची, भाजपा के पूर्व जिला प्रमुख की पत्नी हारी

Share

डूंगरपुर में 201 पंचायतों के परिणाम घोषित, 77.89 प्रतिशत हुआ था मतदान
डूंगरपुर, 31 अक्टूबर:
पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में जिले की सात पंचायत समितियों की 201 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणाम घोषित हो गए। चुनाव में कांग्रेस विधायक की पत्नी ने जीत की हैट्रिक बनाई, जबकि भाजपा के पूर्व जिला प्रमुख की पत्नी को हार का सामना करना पड़ा।
डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा की पत्नी जमना घोघरा ने मझोला पंचायत से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 663 मतों से हराया। वहीं, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष लीलाराम वरहात साबली पंचायत से लगातार चौथी बार जीते।
भाजपा के पूर्व जिला प्रमुख माधवलाल वरहात की पत्नी नीरू देवी नारेली पंचायत से चुनाव हार गईं। दोवड़ा की खेमपुर पंचायत से पूर्व प्रधान सागर अहारी की मां गौतमी देवी जीतीं। आसपुर के पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा के भतीजे को म्याला पंचायत में 334 मतों से हार मिली। दूसरे चरण में 77.89 प्रतिशत मतदान हुआ था।