माहेश्वरी महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज एवं अमावस्या महोत्सव
फतेहनगर, 12 अगस्त: माहेश्वरी महिला मंडल फतेहनगर की ओर से मुद्गल वाटिका में हरियाली तीज एवं हरियाली अमावस्या महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सावन की फुहारों के बीच आयोजित समारोह में महिलाएं पारंपरिक सोलह श्रृंगार और रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में पहुंचीं। इससे वाटिका का वातावरण पूरी तरह उत्सव और संस्कृति के रंग में रंग गया।
प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें श्रीमती किरण लावटी प्रथम और श्रीमती डिम्पल मण्डोवरा द्वितीय स्थान पर रहीं और उन्हें तीज क्वीन चुना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल कार्यकारिणी की ओर से स्वागत गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। अध्यक्ष रिंकू मूंदड़ा एवं सीमा सोमानी ने बताया कि महिलाओं के मनोरंजन और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का संचालन दीपा लावटी ने किया।