‘धर्म पुत्र’ बनकर जीता भरोसा, फिर प्रॉपर्टी और जेवर के लिए मां-बेटी की कर दी हत्या

Share

उदयपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया दोहरे हत्याकांड का खुलासा; कर्ज में डूबे आरोपी ने वारिस बनने की नाकाम कोशिश के बाद रची थी साजिश
उदयपुर, 2 अगस्त
: उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुण्डोल गांव में वृद्ध महिला और उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका लूंगा बाई (70) के मुंह बोले बेटे जयमीन उर्फ बंटी दवे (37) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले विश्वास जीतकर खुद को महिला का ‘धर्म पुत्र’ बनाया, लेकिन जब महिला ने अपनी संपत्ति उसके नाम करने से इनकार कर दिया तो उसने लूट और हत्या की साजिश रच डाली।
उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान ने बताया कि लूंगा बाई अपने पति और बेटे की मौत के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी अमरी बाई (47) के साथ अकेली रहती थीं। परिवार में कोई उत्तराधिकारी नहीं होने का फायदा उठाते हुए आरोपी करीब एक वर्ष से उनके घर आने-जाने लगा और विश्वास हासिल कर लिया। उसकी योजना महिला की संपत्ति का कानूनी वारिस बनने की थी।
संपत्ति नहीं मिली तो बना लिया हत्या का प्लान
पुलिस के अनुसार आरोपी भारी कर्ज में डूबा हुआ था। जब लूंगा बाई ने अपनी संपत्ति उसके नाम करने से इनकार कर दिया, तो उसने शुक्रवार-शनिवार की रात घर में घुसकर मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों की गर्दन और सीने पर कई वार किए गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया।
‘न्याय दिलाने’ की बात कर खुद ही छिपाता रहा शक
वारदात के बाद आरोपी गांव में सामान्य रूप से घूमता रहा और लोगों के बीच मां-बेटी के लिए न्याय की मांग करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। वह लगातार पुलिस कार्रवाई और जांच की जानकारी भी लेता रहा। लेकिन उसका यही व्यवहार पुलिस के संदेह का कारण बन गया।
तकनीकी जांच और पूछताछ में टूटा आरोपी
घटना के बाद एफएसएल, डॉग स्क्वायड, मोबाइल फॉरेंसिक और साइबर टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से मिली सूचना और आरोपी की गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने कर्ज चुकाने और जेवर लूटने के लिए हत्या करना स्वीकार कर लिया।
राशन दुकान सीज होने के बाद बढ़ा आर्थिक संकट
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से वल्लभनगर का रहने वाला है। उसकी राशन की दुकान को गत 21 मई को अनियमितताओं की शिकायत के बाद सीज कर दिया गया था। इसके बाद वह उदयपुर के प्रतापनगर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने लगा था। विवाहित आरोपी का एक बेटा भी है।
ऐसे हुआ था मामले का खुलासा
शनिवार सुबह मृतका का गोद लिया बेटा नानालाल गायरी घर पहुंचा तो बाहर से दरवाजा बंद मिला। पड़ोसी की छत से झांकने पर लूंगा बाई खून से लथपथ दिखाई दीं। दरवाजा खोलने पर अमरी बाई का शव मुख्य द्वार के पास मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई।