“सलाह नहीं, सहयोग की भावना से जुड़ें कार्यकर्ता”

Share

इतिहास संकलन समिति चित्तौड़ प्रांत के त्रैवार्षिक चुनाव में डॉ. बालमुकुंद पाण्डे का आह्वान
उदयपुर, 10 मई:
इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पाण्डे ने कहा कि वर्तमान समय केवल सलाह देने का नहीं, बल्कि संगठन के लिए सक्रिय सहयोग और समर्पण से कार्य करने का है। प्रत्येक सदस्य को उत्सव मूर्ति नहीं, बल्कि कर्मशील कार्यकर्ता बनकर भारतीय इतिहास और ज्ञान परंपरा के पुनर्स्थापन में योगदान देना चाहिए।
वे प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के पद्मिनी सभागार में आयोजित इतिहास संकलन समिति चित्तौड़ प्रांत की कार्यकारिणी के त्रैवार्षिक चुनाव पूर्व बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के गौरवशाली, स्वाभिमानी और शौर्यपूर्ण इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सतत तपस्या और समयदान आवश्यक है।
बैठक की अध्यक्षता प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने की। उन्होंने “धर्मो रक्षति रक्षितः” का उल्लेख करते हुए सत्य, न्याय और सदाचार आधारित व्यक्तित्व निर्माण पर बल दिया।
बैठक में प्रांत अध्यक्ष पद पर प्रो. जीवन सिंह खरकवाल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। साथ ही नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। कार्यक्रम में इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय मंत्री प्रो. शिव कुमार मिश्रा सहित विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।