सुधाकर पीयूष को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, डॉ. प्रेम भंडारी सहित कई कलाकार सम्मानित
उदयपुर, 21 जून: विश्व संगीत दिवस पर शहर सुरों, संगीत और सम्मान की मधुर गूंज से सराबोर रहा। सुरों की मंडली संस्था के वरिष्ठ विंग द्वारा शोभागपुरा स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित संगीत सम्मान समारोह में शहर के वरिष्ठ संगीत साधकों, कलाकारों और संगीत प्रेमियों का अभिनंदन किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण संगीत जगत की विशिष्ट हस्ती स्वर्गीय सुधाकर पियूष को प्रदान किया गया मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड रहा।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि वरिष्ठ ग़ज़ल गायक डॉ. प्रेम भंडारी को संगीत एवं ग़ज़ल गायन के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं स्वर्गीय सुधाकर पियूष के सांगीतिक और सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। पियूष ने वर्ष 1975 में उदयपुर का पहला ऑर्केस्ट्रा ग्रुप ‘यूजी-एम ग्रुप’ स्थापित कर स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
समारोह में देवेंद्र सिंह हिरण, फैय्याज खान, मारिषा दीक्षित, के.के. त्रिपाठी, इंद्रदेव पियूष और कैलाश केवलिया को भी सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही संस्था द्वारा आयोजित संगीत पहेली प्रतियोगिता के 11 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
संगीतमय संध्या में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। हेमा जोशी, एच. क़ाज़ी, राजकुमार बापना, दिलीप घबरानी, गरिमा जोशी, मृणाल जोशी और अशोक परियानी सहित अनेक कलाकारों ने गीत, ग़ज़ल और वादन की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हारमोनियम वादन में राजकुमार दीक्षित, मनोहर लाल मुखिया, के.के. खंडेलवाल और आराध्या वैष्णव की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं।