कपासन स्टेशन पर युवती की अचानक मौत, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम

Share

उदयपुर से घर लौट रही थी 19 वर्षीय हेमलता, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
कपासन, 5 अगस्त:
उदयपुर से घर लौट रही 19 वर्षीय युवती की कपासन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रेलवे पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया है। वहीं, परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उदयपुर रेलवे पुलिस थाना प्रभारी गोवर्धन सिंह ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। मृतका की पहचान हेमलता (19) पुत्री किशनलाल जाट निवासी पछमता गांव, थाना रेलमगरा (राजसमंद) के रूप में हुई है। वह उदयपुर से अपने घर लौट रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतका के चाचा पूरण जाट ने मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। रेलवे पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।