उदयपुर, 4 सितंबर: फतहसागर झील में शुक्रवार दोपहर एक युवती ने खुदकुशी के इरादे से छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद खिलौने बेचने वाले युवक मुकेश वैष्णव ने त्वरित सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए झील में छलांग लगा दी और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार फतहसागर पाल पर झरने की तरफ पहली छतरी के पास कुछ पर्यटक मौजूद थे, जिन्होंने युवती को पानी में कूदते हुए देखा और तुरंत शोर मचाया। शोर सुनकर वहां खिलौने बेच रहे मुकेश वैष्णव ने बिना एक पल गंवाए पानी में छलांग लगाई और डूब रही युवती को खींचकर किनारे पर ले आए। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों और ऑटो चालकों की मदद से युवती को पानी से पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बॉयफ्रेंड के शादी से इनकार करने पर उठाया कदम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि युवती उदयपुर के आदिवासी क्षेत्र की रहने वाली है और प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। युवती के बॉयफ्रेंड द्वारा शादी से इनकार करने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया था। पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग की गई है।
पहले भी कई लोगों की जान बचा चुके हैं “खिलौने वाले भैया”
फतहसागर पाल पर खिलौने बेचने वाले मुकेश वैष्णव को तैरना आता है। वह अक्सर पाल के आसपास ही रहते हैं और अपनी बहादुरी से पिछले कुछ वर्षों में फतहसागर झील में डूब रहे 7 से 8 लोगों की जान बचा चुके हैं। स्थानीय लोग उन्हें संकट के समय मसीहा के रूप में देखते हैं।